Rajasthan Election 2023
Rajasthan Election 2023: राजस्थान के दौसा जिले में पहुंचे बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पूनिया ने कहा कि कांग्रेस राज में महिलाओं पर हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ीं हैं। इनके कार्यकाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। इनके कार्यकाल में 10 लाख 92 हजार केस दर्ज हुए हैं। बता दें कि उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया दौसा में बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष रतन तिवाड़ी को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे हैं।

राजेंद्र गुढ़ा के सवाल पूछने पर मंत्री पद से हटाया: पूनिया
सतीश पूनिया ने गहलोत सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस के कार्यकाल में बढ़ते हुए अपराधों पर राजेंद्र गुढ़ा ने सवाल किया तो उन्हें अपने मंत्री पद से हाथ धोना पड़ा। रतन तिवाड़ी की ओर से आयोजित सामूहिक भोज में सतीश पूनिया ने लोगों को लिए अपने हाथ से भाजपा कार्यकर्ताओं को खाना परोसा। साथ ही इनसे संवाद भी किया। पूनिया ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को राजस्थान अब नहीं सहेगा।
इन सब मुद्दों पर राजस्थान अब कांग्रेस नहीं सहेगा
उन्होंने आगे कहा कि राजस्थान अब दुष्कर्म, भ्रष्टाचार बेरोजगारी, दलित, गरीब, और महिलाओँ पर अपमान नहीं सहेगा। यह पंच लाइन कांग्रेस के खिलाफ है। जनादेश समय को बता देगा। प्रदेश में पिछले सालों में 10 लाख से ज्यादा केस दर्ज हुए हैं। 17 दुष्कर्म हर दिन होते हैं। उनकी नजर में लगता होगा कि सरकार रिपीट होगी, मुझे लगता है कांग्रेस परमानेंट डिलीट होगी। पूनिया ने कहा कि हाथ कंगन को आरसी क्या? पढ़े लिखे को फारसी क्या? इसलिए उनके मंत्री रहे राजेंद्र गुढ़ा ने आईना दिखा दिया।
27 जुलाई को पीएम मोदी सीकर पहुंचेंगे
पूनिया ने कहा कि 27 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों को सीकर आएंगे और किसान निधि की राशि उनके खातों में ट्रांसफर करेंगे। आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तरक्की की ओर बढ़ रहा है। मणिपुर में जिस तरह के हालात थे, उन्हें काबू में लिया गया और उसमें दोषियों पर कार्रवाई होगी। रही बात राजस्थान की तो मुख्यमंत्री के पिछले चार साल के कार्यकाल 10 लाख से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उसका जवाब सीएम को जरूर देना चाहिए।