रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने मोदी की करी जमकर तारीफ़, कहा मोदी हैं सच्चे देशभक्त

    रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा- भारत और रूस के बीच दशकों से विकसित विशेष संबंध हैं। दोनों देशों के बीच कोई विवाद भी नहीं है। भारत ने ब्रिटेन के उपनिवेश से आधुनिक देश बनने तक अपने विकास में जबरदस्त बढ़ोत्तरी की है।

    चित्र साभार: गूगल

    मॉस्को में वल्दाई डिस्कशन क्लब की 19वीं वार्षिक बैठक

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गिनती दुनिया के ताकतवर लीडरों में होती है, लेकिन वक्त के साथ अब दुनिया के ताकतवर देश भी नरेंद्र मोदी का लोहा मानने लगे हैं। गुरुवार को रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भारत के प्रधानमंत्री की जमकर तारीफ की। इस मौके पर उन्होंने भारत और रूस के पुराने और मजबूत संबंधों की भी बात भी कही। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने ये बातें मॉस्को में वल्दाई डिस्कशन क्लब की 19वीं वार्षिक बैठक में कही। वहीं, पुतिन की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए की गई इन तारीफों की मीडिया में काफी चर्चा हो रही है।

    भारत और रूस के बीच दशकों से विकसित विशेष संबंध

    पुतिन ने भारत-रूस संबंधों पर भी बात की। उन्होंने कहा भारत और रूस के बीच दशकों से विकसित विशेष संबंध हैं और दोनों देशों के बीच कोई विवाद भी नहीं है। भारत ने ब्रिटेन के उपनिवेश से आधुनिक देश बनने तक के अपने विकास में खूब तरक्की की है। इसने मूर्त विकास परिणाम हासिल किए हैं जो भारत के लिए सम्मान, गर्व और प्रशंसा का कारण बनते हैं।