दीपावली पर युवाओं को मोदी जी का तोहफा, रोजगार मेले की पहली किस्त में 75000 नौकरियों की सौगात

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेला का शुभारंभ कर दिया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने 75,000 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपा।

    चित्र साभार: गूगल

    75000 युवाओं को नियुक्ति पत्र

    प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बीते 8 वर्षों में देश में रोजगार और स्वरोजगार का जो अभियान चल रहा है, आज उसमें एक और कड़ी जुड़ गई है। ये कड़ी रोजगार मेले की है। आज केंद्र सरकार 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंप रही है।

    पीएम् मोदी ने आगे कहा कि विकसित भारत के संकल्प की सिद्धी के लिए हम आत्मनिर्भर भारत के रास्ते पर चल रहे हैं। इसमें हमारे उद्यमियों, किसानों, सर्विसेज और मैन्युफैक्चिरिंग से जुड़े साथियों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार के विभागों में इतनी क्षमता आई है, ये पीछे सात आठ साल की कड़ी मेहनत का नतीजा है।

    भारत की युवा आबादी है सबसे बड़ी ताकत 

    प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। 7-8 साल के अंदर हम 10वें नंबर से 5वें नंबर पे आ गए हैं। ये मुमकिन हो पा रहा है क्योंकि पिछले 8 सालों में हमने देश की अर्थव्यवस्था की उन कमियों को दूर किया है जो मुश्किलें और रुकाटवें पैदा करती थीं।नौजवानों का ज़िक्र करके प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हमारा सबसे अधिक बल युवाओं के कौशल विकास पर है। ‘प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना’ के अंतर्गत देश में उद्योगों की जरूरत के हिसाब से युवाओं को प्रशिक्षण देने का एक बहुत बड़ा अभियान चल रहा है। भारत की युवा आबादी को हम अपनी सबसे बड़ी ताकत मानते हैं। आजादी के अमृतकाल में विकसित भारत के निर्माण के सारथी हमारे युवा साथी हैं।

    भारत ग्लोबल हब बनने की ओर

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्टार्ट अप इंडिया अभियान ने तो देश के युवाओं के योग्यता को पूरी दुनिया में स्थापित कर दिया है। साल 2014 तक जहां देश में कुछ सौ ही स्टार्ट अप थे वहीं आज ये संख्या 80 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में देश का सबसे महत्वकांक्षी मिशन है.. मेक इन इंडिया। आत्मनिर्भर भारत। पीएम ने कहा आज देश कई मामलों में एक बड़े आयातक से एक बड़े निर्यातक की भूमिका के रूप में आ रहा है। अनेक ऐसे सेक्टर हैं जिसमें भारत आज ग्लोबल हब बनने की ओर तेज़ गति से आगे बढ़ रहा है।