प्रियंका चोपड़ा को योगी के यूपी में क्यो लगता है डर ? जानें पूरा मामला क्या है ?

बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा जोनस पूरे तीन साल बाद भारत आई थीं। इस दौरान प्रियंका ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का भी दौरा किया। बता दें कि प्रियंका चोपड़ा यूनिसेफ की गुडविल एंबेसडर हैं और वह उत्तर प्रदेश में बच्चों की शिक्षा में सुधार का स्तर, स्वास्थ्य, पोषण और तमाम तरह के सुरक्षा उपायों की स्थिति और उनकी पहुंच के स्तर को देखने निकली थीं। इस दौरान वह महिलाओं पर होने वाले अत्याचार और यौन उत्पीड़न की शिकायतों को दर्ज कराने के लिए 24/7 हेल्पलाइन के कंट्रोल रूम भी गईं। यहां उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बातचीत की जिसका वीडियो प्रियंका ने अपनी सोशल मीडिया साइट पर साझा किया।


गुरुवार को प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से यूपी विजिट से जुड़े कई सारे वीडियो साझा किए। एक वीडियो में प्रियंका महिला पुलिस अधिकारी से कहती नजर आ रही हैं कि, ‘मुझे उत्तर प्रदेश जैसे राज्य के बारे में बताइए, मैं खुद भी यहां पली-बढ़ी हूं…यह हमेशा एक डर का माहौल होता है, खासकर के शाम 7 बजे के बाद’। प्रियंका की बातें सुनने के बाद पुलिस अधिकारी उन्हें कॉल ट्रैकिंग यूनिट के कामकाज को दिखाने के लिए अंदर ले जाती हैं।
पुलिस अधिकारी प्रियंका को दिखाती हैं कि हेल्पलाइन में कैसे काम होता है। इसके बाद वह प्रियंका को उस यूनिट से मिलाती हैं जो कॉल ट्रैकिंग का काम देख रहा है। इस दौरान पुलिस अधिकारी प्रियंका को बताती हैं कि यहां हमारे पास कॉल ट्रैकिंग की पूरी टीम है, जो कि पुलिस ऑफिसर नहीं है, यहां सब बाहर से लाए गए लोग हैं। हम नहीं चाहते कि किसी भी तरह की कोताही बरती जाए। पुलिस कई बार मामले को दबाने की कोशिश करती है, इसलिए हम न्यूट्रल माहौल रखना चाहते हैं।


इस विजिट के दौरान प्रियंका पुलिस अधिकारी से कई तरह के सवाल पूछती हैं। प्रियंका उनसे पूछती हैं कि- डिजिटलीकरण के बाद क्या यूपी जैसे राज्य में चीजें आसान हो गई हैं, क्योंकि लड़कियां डरती थीं। इस पर महिला अफसर जवाब देती हैं कि निश्चित रूप से, क्योंकि मैं पुलिस में 30 साल से हूं। उन्होंने कहा, ‘केवल तकनीक ही इसका समाधान नहीं है। जब मैनुअल पुलिसिंग और तकनीक दोनों मिल जाते हैं तो यह और घातक होता है’।