CM शिवराज पर कांग्रेस उपाध्यक्ष का आरोप, महापुरुषों में भी भेदभाव कर रहे शिवराज

    एमपी कांग्रेस उपाध्यक्ष अब्बास हफ़ीज़ ने भाजपा पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। साथ ही सीएम शिवराज पर भी निशाना साधा।

    pic credit – google

     

     

    महापुरुषों के साथ राजनीति कर रही बीजेपी 

    मध्य प्रदेश में 2023 के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पर इसकी तैयारी अभी से शुरू हो गयी है। प्रदेश की दो सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी-कांग्रेस लगातार सक्रीय दिखाई दे रही है इसलिए आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो चुका है। दोनों ही पार्टियां बयानबाज़ी को लेकर भी एक-दूसरे पर काफी हमलावर है. मध्य प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष अब्बास हफीज़ ने CM शिवराज पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि बीजेपी सरकार महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी राजनीति कर रही है जो घोर निंदनीय और अमानवीय कृत्य है.

    हफ़ीज़ ने व्यथित होकर यह प्रतिक्रिया तब व्यक्त की जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन ज़िले में सुल्तानपुर में पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दरलाल पटवा की प्रतिमा का शुक्रवार को अनावरण किया। हफ़ीज़ का कहना है कि कांग्रेस पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दरलाल पटवा की प्रतिमा के अनावरण का विरोध नहीं कर रही है, पटवा जी की प्रतिमा जो काफी समय बाद बनी, उनके अनावरण के लिए मुख्यमंत्री सुल्तानपुर जा सकते हैं पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा जो कि राजधानी भोपाल में वल्लभ भवन से मात्र कुछ मीटर की दूरी पर स्थापित होने के बावजूद भी मुख्यमंत्री के पास इतना समय नहीं है कि वे उनकी प्रतिमा पर जा सके। जबकि प्रदेश का हर नेता, मंत्री व मुख्यमंत्री अनेकों बार उसी रास्ते से निकलते हैं। इससे साफ़ पता चलता है कि प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान महापुरुषों में भी भेद भाव कर रहे हैं।