सुधांशु ने बीजेपी ऑफिस में समझाया ‘जय श्री राम’ बोलने के पीछे की वजह.. …

बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने बीजेपी ऑफिस में कहा है कि हम जय श्री राम इसलिए बोल रहे हैं। क्योंकि अभी राम जन्मभूमि पर मंदिर बन रहा है। इसके बाद बड़े होकर राम राजा बनेंगे। तब सीता आएंगी।सियाराम तब बोलेंगे। अभी तो बालक राम हैं। इसलिए हम लोग जय श्री राम बोलते हैंं। यह बात बालक बुद्धि वाले कांग्रेसी नहीं समझ पाएंगे। दरअसल, सुधांशु त्रिवेदी बीजेपी ऑफिस में प्रेसवार्ता के दौरान बोल रहे थे।

उन्होंने कहा- 2019 लोकसभा चुनाव के वक्त कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणापत्र में देशद्रोह कानून को खत्म करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि इसका गलत उपयोग किया जा रहा है। 2019 के बाद राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने ही इसका सबसे पहले इस्तेमाल किया। उनकी पार्टी के कुछ विधायकों ने नाराजगी जाहिर की। कांग्रेस की सरकार ने उनके खिलाफ देशद्रोह के तहत मुकदमे दर्ज करवा दिए। इससे कांग्रेस की कथनी और करनी का अंतर जगजाहिर हो गया।

अपराध की राजधानी बना राजस्थान

त्रिवेदी ने कहा कि पिछले 4 साल में राजस्थान में कानून व्यवस्था खराब स्थिति में पहुंच गई है। महिलाओं और बालिकाओं के साथ हर दिन बदसलूकी हो रही है। पिछले 4 साल में 1 लाख 70 हजार मुकदमे महिला हिंसा के दर्ज हो चुके हैं। राजस्थान देश में अपराध की राजधानी बन चुका है। वहीं, पिछले कुछ वक्त में शांत राजस्थान में देश विरोधी संगठन माहौल बिगाड़ रहे हैं। कट्टरपंथी ताकतें खुलेआम आम आदमी की गर्दन काट रही है। कांग्रेसी नेता खुद को गांधीवादी बता कर सिर्फ सत्ता बचाने में जुटे हुए हैं।

CM को शर्म आनी चाहिए

बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा- राजस्थान में महिलाओं और बच्चियों के साथ होने वाले अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। सरकार के एक मंत्री कहते हैं कि राजस्थान में रेप इसलिए बढ़ रहे क्योंकि यह मर्दों का प्रदेश है। वहीं, मुख्यमंत्री गहलोत महिलाओं की ओर से दर्ज किए कराए गए 56% मुकदमों को ही झूठा बता रहे हैं। इससे महिलाओं के प्रति कांग्रेस संवेदनहीनता अब जग जाहिर हो चुकी है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पेपर हुआ लीक

सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा- राजस्थान पेपर लीक में रिकॉर्ड तोड़ रहा है। परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो जाता है। इससे प्रदेश के लाखों युवाओं का भविष्य खतरे में आ गया है। पेपर लीक का यह पहला मामला नहीं है। कांग्रेस पार्टी में तो राष्ट्रीय अध्यक्ष का पेपर भी लीक हो गया था। इससे यह पता चला था कि अशोक गहलोत कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले हैं। उसके बाद उनकी पार्टी में बगावत का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ।

संभावित राष्ट्रीय अध्यक्ष के उम्मीदवार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से लेकर उनकी पार्टी के अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष भी बागी हो गए थे। जो लोग आब्जर्वर बनकर आए। उनसे कोई मिलने नहीं गया। केंद्रीय नेतृत्व भी बेबस हो गया। इसके बाद पूरे देश ने देखा कि उनकी पार्टी के नेता एक दूसरे के लिए किस तरह खुले मंच पर एक शब्द बोल रहे थे।

कंफ्यूज हैं राहुल गांधी

सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा- राहुल गांधी हिंदुत्व के मामले में कंफ्यूज हैं। उन्होंने कहा कि बीते साल जयपुर में महंगाई को लेकर रैली हुई थी। राहुल गांधी ने भाषण हिंदू बनाम हिंदुत्व पर दिया। अब राहुल गांधी बात बेरोजगारी की करते हैं। भाषण हिंदुत्व पर देते हैं। ऐसे में राहुल गांधी समेत पूरी पार्टी ही कंफ्यूज है।

राजस्थान में 2 पायलट

त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में हर मोर्चे पर कन्फ्यूजन है। राजस्थान में भी सत्ता को लेकर कंफ्यूजन काफी बढ़ गया है। क्योंकि एक जहाज को दो पायलट चला रहे हैं। इसमें एक पायलट अलग रास्ते पर जाना चाहता है। जबकि दूसरा पायलट अलग रास्ते पर जा रहा है। जिससे राजस्थान की जनता भी कंफ्यूज हो रही है।