CM Dhami: मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर सीएम धामी ने कहा- पीएम मोदी ने गरीबी को खत्म किया और कांग्रेस ने गरीबों को मिटाया

Table of Contents

CM Dhami

मोदी सरकार (Modi Sarkar) के 9 वर्ष पूरे होने पर भाजपा पूरे देश में केंद्र सरकार की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए महासंपर्क अभियान शुरू किया है। सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में मोदी सरकार ने गरीबी को खत्म किया और कांग्रेस ने गरीबों को मिटाया था।

कांग्रेस ने गरीबों को छला: सीएम धामी 

सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश के गरीबों को छला है और उन्हें लगातार मिटाने का काम किया। राजपुर रोड स्थित एक होटल में मीडिया से बात करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र की तमाम कल्याणकारी नीतियों को गिनवाया और उसका देश के गरीबों को किस तरह से फायदा मिल रहा है, इसकी ओर सबका ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय व्यक्तिगत योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाता था।

मोदी सरकार ने गरीबों का कल्याण किया

सीएम धामी ने आगे कहा कि कांग्रेस ने सामाजिक कल्याण योजनाओं के नाम पर गरीबों को छला था। लेकिन मोदी सरकार ने अपना कार्यकाल गरीबों के कल्याण और सुशासन को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की केंद्र सरकार ने हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को बनाया और उनके विकास में प्रगति की है। साथ ही आज पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्व पटल पर भारत की अलग पहचान बनाई है, विश्व के देश को भारत को सम्मान के नजरिए से देख रहे हैं।

पीएम मोदी का देवभूमि से विशेष लगाव 

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने आगे कहा, प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड जमीन से एक विशेष लगाव है, जिसके कारण आज 9 वर्ष पूरे होने पर देवभूमि के हरक्षेत्र में प्रगति हो रही है। इसमें मुख्य रूप से रेल कनेक्टिविटी, चिकित्सा, शिक्षा, इन्फ्रास्ट्रक्चर और भारत माला परियोजना में तेजी से प्रगति आई है। प्रधानमंत्री ने हर पल देश की सेवा में न्यौछावर किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में सरकार का पूरा ध्यान नवरत्नों पर है।